बिहार-मुंगेर में बाढ़ पीड़ितों ने सड़कों पर की आगजनी, मुआवजे की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

मुंगेर.

मुंगेर में गंगा के जलस्तर में कमी के बाद अब बाढ़ पीड़ित अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने लगे हैं। कई दिनों से बाढ़ का दंश झेल रहे नगर निगम के वार्ड-41 के निवासियों ने मुंगेर-हेरुदियरा मुख्य पथ चंदन बाग चूआबाग के पास आगजनी और जाम कर प्रदर्शन किया। साथ ही जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि वार्ड पार्षद अपने ही लोगों को राहत दे रहे हैं। बाकी बाढ़ पीड़ित जिनके घरों में कई दिनों से बाढ़ का पानी घुसा है, उनकी कोई सुध नहीं ले रहे। न तो पॉलिथीन शीट दी जा रही और न ही सूखा राशन। उन्होंने कहा कि हम लोगों की मांग है कि बाढ़ पीड़ित लोगों को सरकार द्वारा मुआवजा मिले। अगर मुआवजा नहीं मिलता है तो हम लोग इसी तरह सड़क जाम कर प्रदर्शन करेंगे। जानकारी के मुताबिक, लोगों के सड़क जाम कर प्रदर्शन करने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस वजह से आने-जाने वाले राहगीरों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, बाढ़ प्रभावित लोगों ने बताया कि हम लोग पिछले चार-पांच दिन से बाढ़ के पानी से परेशान हैं। घर में तीन से चार फुट बाढ़ का पानी जमा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय वार्ड पार्षद द्वारा बाढ़ राहत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। वह अपने ही क्षेत्र में बाढ़ राहत सामग्री का वितरण करवा रहे हैं, जबकि हम लोगों को बाढ़ के कारण जान माल की काफी क्षति हुई है। हम लोग भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके हैं। इधर, जाम की सूचना मिलने के बाद स्थानीय कासिम बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने के प्रयास में जुट गई।

Related Articles

Back to top button