पति के सामने ही पत्नी से गैंगरेप, 4 हैवान गिरफ्तार

बोकारो

झारखंड के बोकारो जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति के सामने ही उसकी पत्नी से गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। पीड़ित दंपती मजदूरी का काम करता है। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार लिया है।

क्या है पूरा मामला ?
दुष्कर्म की यह घटना 29 मई की रात करीब 8.30 बजे की है। शुक्रवार को मामला प्रकाश में आया और देर रात तक पुलिस ने छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-12 स्थित फोरलेन के बाद झारखंड सरकार की ओर से एक अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है।

यहां धनबाद जिला के महुदा थाना क्षेत्र का एक व्यक्ति ठेकेदार के अधीन मजदूरी करता है और वहीं झोपड़ी बनाकर रहता है। वह पिछले एक सप्ताह से बीमार था तो उसने अपनी पत्नी (36) को बुला लिया था। घटना तब हुई जब दंपती ढूंढीबाद सब्जी मंडी से सब्जी लेकर अपने घर लौट रहा था। तभी रास्ते में सेक्टर-12ए स्थित एक स्कूल के पास चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर दोनों को जबरन स्कूल की दीवार के अंदर खींचा गया। अपराधियों ने पहले पति को बंधक बनाया, हाथ-पैर बांधे और बेरहमी से पीटा।

इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन शराब पिलाई गई। फिर चारों आरोपियों ने महिला के साथ पति के सामने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने किसी तरह पति के बंधन खोले और सड़क पर पहुंचकर राहगीरों से मदद मांगी। सूचना मिलने पर सेक्टर-12 थाना प्रभारी सुभाषचंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घायल दंपती को सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

मामले में SP ने कही ये बात
बोकारो एसपी हरविंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। टेक्निकल सेल की मदद से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें से एक आरोपी ऑटो चालक है और उसकी गाड़ी भी जब्त की गई है। पीड़ित दंपती अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी कर रहा था। महिला कुछ दिन पहले ही धनबाद के मधुबन से आई थी। दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button